9 अगस्त 2023 - 08:02
पाकिस्तान अपनी सुरक्षा मज़बूत करे, आतंकी घटनाओं का अफ़ग़ानिस्तान ज़िम्मेदार नहीं

अफगानिस्तान इन दावों को पूरी तरह से खारिज करता है और पाकिस्तानी अधिकारियों को याद दिलान चाहता है कि अफगानिस्तान एक ऐसा देश है जो अभी-अभी लंबे युद्धों से उभरा है और हम किसी भी अन्य देश, खासकर पड़ोसी देशों में असुरक्षा नहीं चाहते।


तालिबान प्रवक्ता का कहना है कि पाकिस्तानी अधिकारियों ने अपने देश की सुरक्षा मजबूत करने के बजाय इसका दोष अफगानों पर मढ़ दिया है।

तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तान में हो रही आतंकी घटनाओं के बारे में ट्विटर पर पोस्ट करते हुए इस्लामाबाद को संबोधित किया और इस बात पर जोर दिया कि अफगानिस्तान पड़ोसी देशों में असुरक्षा नहीं चाहता है और पाकिस्तान को अपनी सुरक्षा स्थिति मजबूत करनी चाहिए और अफ़ग़ानिस्तान को दोष देना बंद क्र देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में हाल ही में हुई कई दुर्भाग्यपूर्ण आतंकी घटनाओं के बाद, देश की सुरक्षा मजबूत करने के बजाय, पाकिस्तानी अधिकारियों ने एक बार फिर अफगानों को दोषी ठहराया। अफगानिस्तान इन दावों को पूरी तरह से खारिज करता है और पाकिस्तानी अधिकारियों को याद दिलान चाहता है कि अफगानिस्तान एक ऐसा देश है जो अभी-अभी लंबे युद्धों से उभरा है और हम किसी भी अन्य देश, खासकर पड़ोसी देशों में असुरक्षा नहीं चाहते।

अफगानिस्तान सरकार एक बार फिर अपनी सैद्धांतिक प्रतिबद्धता दोहराती है कि हम अफगानिस्तान की धरती से अन्य देशों की सुरक्षा के खिलाफ किसी भी कार्रवाई की अनुमति नहीं देंगे, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि क्षेत्र के हर देश की सुरक्षा विफलता के लिए अफगानिस्तान जिम्मेदार है। दुर्भाग्य से, पिछले बीस वर्षों में हमारा क्षेत्र अमेरिका के नेतृत्व में विदेशी कब्जे और क्षेत्र के कुछ देशों की गलत नीतियों का शिकार रहा है, जिसका प्रभाव अभी भी महसूस किया जा रहा है। पाकिस्तान को सावधानीपूर्वक अपनी सुरक्षा स्थिति का जाएज़ा लेना चाहिए और अपनी मुश्किलों का समाधान खुद घर में ही करना चाहिए।